कुठेड़ा स्कूल में व्यावसायिक शिक्षा के ऑटोमोटिव ट्रेड से जुड़े विद्यार्थियों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। कुठेड़ा स्कूल की अटल टिंकरिंग लैब में दो दिवसीय तकनीकी कार्यशाला स्वचालित वाहन डिजाइन का मंगलवार को समापन हो गया। कार्यशाला में व्यावसायिक शिक्षा के ऑटोमोटिव ट्रेड से जुड़े विद्यार्थियों ने भाग लिया और आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जगदीप सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक्स, मोटर कंट्रोल सिस्टम, सेंसर तकनीक और स्वचालित वाहन डिजाइन से संबंधित तकनीकी जानकारी एवं व्यवहारिक अनुभव प्रदान करना रहा। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों और उनके वास्तविक उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के मुख्य संसाधन व्यक्ति देशराज धीमान रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को स्मार्ट मोबिलिटी, वाहन ऑटोमेशन और आधुनिक ऑटोमोटिव तकनीकों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में ऑटोमेशन और स्मार्ट टेक्नोलॉजी का महत्व तेजी से बढ़ेगा, इसलिए विद्यार्थियों को अभी से तकनीकी दक्षता विकसित करनी चाहिए। कार्यशाला के दूसरे दिन विद्यार्थियों ने स्वचालित वाहन मॉडल तैयार किए। इस दौरान सेंसर इंटीग्रेशन, वाहन परीक्षण और प्रोटोटाइप डेमोंस्ट्रेशन भी किया गया।
विद्यार्थियों ने स्वयं कार्यशील मॉडल बनाकर उनका परीक्षण किया, तकनीकी समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से समझा। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों में नवाचार, रचनात्मक सोच, टीमवर्क और तकनीकी कौशल का बेहतर विकास देखने को मिला। विद्यार्थियों ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां भविष्य की तकनीकी शिक्षा और रोजगारोन्मुख कौशल विकास के लिए काफी उपयोगी साबित होंगी। विद्यालय प्रशासन ने कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए मुख्य संसाधन व्यक्ति देशराज धीमान, व्यावसायिक शिक्षक आशीष कुमार और अमित धीमान के प्रयासों की सराहना की।