- कोट कहलूर थाना क्षेत्र के ग्वालथाई के वरमला में हुआ हादसा
- हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से हुआ फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयनादेवी जी(बिलासपुर)। कोट कहलूर थाना क्षेत्र के वरमला के पास एक प्रवासी कामगार को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के समय कामगार पैदल क्वार्टर की ओर जा रहा था। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया।
आरोपी चालक अभी भी पुलिस की पकड़ में नहीं आया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। घायल का उपचार पीजीआई चंडीगढ़ में रेफर कर दिया है। जानकारी के अनुसार ग्वालथाई स्थित सरिया फैक्टरी में मजदूरी करने वाला वीरेंद्र यादव निवासी गांव अमरपुर तहसील दरोली जिला सिवान बिहार अपने एक अन्य साथी के साथ वापस वरमला स्थित अपने क्वार्टर पर जा रहा था। रास्ते में सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक को लेकर मौके से भाग गया। घायल वीरेंद्र यादव को पंजाब के आनंदपुर साहिब अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। घायल के पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। डीएसपी श्री नयनादेवी जी विक्रांत बोंसरा ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।