बिलासपुर में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा बैठक करते मंत्री जगत सिंह नेगी । संवाद
- मंत्री जगत सिंह ने की बिलासपुर में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा
- बोले, जयराम ने लंच-मंच, इनवेस्टर मीट के तंबू गाड़कर उड़ाए करोड़ों रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। प्रदेश सरकार के दो साल पूरे करने पर 11 दिसंबर को होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी वीरवार को बिलासपुर पहुंचे।
पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में जगत सिंह नेगी ने कहा कि सरकार के दो साल का जश्न बिलासपुर में भव्य रूप से मनाया जाएगा। कहा कि भाजपा की मर्जी से काम नहीं होंगे। सरकार के दो साल पूरा होने पर कार्यक्रम करना उनका अधिकार है। भाजपा को इस पर ज्ञान नहीं देना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने समय से लंच-मंच और इंवेस्टर मीट का तंबू गाड़कर करोड़ों रुपये उड़ाए। यह सब उन्होंने किस से पूछ कर किए।
परिधि गृह में मंत्री जगत सिंह नेगी ने जिले के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम को सफल बनाने लिए चर्चा की। मंत्री ने नेताओं को 25 हजार लोगों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लक्ष्य को पूरा करने को कहा। साथ ही कार्यकर्ताओं को कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं को लेकर जनता के बीच लेकर जाएं और कार्यक्रम का न्योता दें। मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को कार्यक्रम स्थल पहुंचने के लिए किसी को परेशानियों का सामना न करना पड़े, उसका विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक के बाद मंत्री ने कार्यक्रम स्थल लुहणू मैदान का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर, पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, झंडूता से कांग्रेस नेता विवेक कुमार आदि मौजूद रहे।
बिलासपुर में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा बैठक करते मंत्री जगत सिंह नेगी । संवाद