बिलासपुर में पंचायती राज चुनावों को लेकर आयोजित बैठक में मौजूद अधिकारी। स्रोत: डीपीआरओ
पंचायती राज, नगर निकायों की निर्वाचक नामावली की तैयारी पर की चर्चा
दो चरणों में पूरा किया जाएगा इलेक्टोरल रोल मैनेजमेंट सिस्टम का कार्य
दूसरे चरण में होगा मतदाताओं का सत्यापन, मैपिंग, मसौदा निर्वाचक नामावली का पूर्वावलोकन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पंचायतों एवं नगर निकायों के लिए मसौदा निर्वाचक नामावली तैयार करने की प्रक्रिया को लेकर बुधवार को बचत भवन में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जबकि जिले के एसडीएम, तहसीलदार और बीडीओ वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
बैठक में इलेक्टोरल रोल मैनेजमेंट सिस्टम (इआरएमएस) पोर्टल की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने बताया कि इआरएमएस का कार्य दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में पंचायतों एवं नगर निकायों के मतदान केंद्रों की मैपिंग जिला, उपमंडल और खंड स्तर पर की जाएगी। दूसरे चरण में मतदाताओं का सत्यापन, उनकी मैपिंग, मसौदा निर्वाचक नामावली का पूर्वावलोकन, विशेष ग्राम सभा/नगर सभा की बैठक और मसौदा स्थिति को अंतिम स्थिति में बदलने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे खंड विकास अधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक कर इआरएमएस पोर्टल से संबंधित जानकारी ब्लॉक स्तर तक पहुंचाएं और यह सुनिश्चित करें कि नगर निकायों एवं पंचायती राज संस्थाओं से जुड़े अधिकारी पोर्टल के संचालन में प्रशिक्षित हों। राहुल कुमार ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी व त्रुटि रहित बनाने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा तय शेड्यूल के अनुसार सभी कार्यों को समयबद्ध पूरा किया जाए। निर्वाचक नामावली के अद्यतन व शुद्धिकरण की प्रक्रिया को गंभीरता से संपन्न करवाना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इस मौके पर एसी टू डीसी नरेंद्र अहलूवालिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।