संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। आदित्य बिरला पब्लिक स्कूल बागा के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता पीएम श्री स्कूल घुमारवीं में आयोजित की गई।
इसमें विद्यार्थियों ने ताइक्वांडो, बास्केटबॉल और शतरंज में शारीरिक शिक्षक कमल धीमान और ताइक्वांडो कोच नेहा मेहरा के नेतृत्व में भाग लिया।
ताइक्वांडो प्रतियोगिता में स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल पहला स्थान प्राप्त किया। ताइक्वांडो में विद्यालय की ओर से कुल 10 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें से नौ विद्यार्थियों ने स्वर्ण और एक विद्यार्थी ने रजत पदक हासिल किया। स्वर्ण पदक विजेता में आदित्य, आर्यन, मनीष, देवांश, तरुण, अमोघ, हसनैन, भुवनेश और केशव शामिल रहे। इन विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है। वहीं पर शिवा ने रजत पदक पर अपना कब्जा जमाया। इसके अलावा विद्यार्थियों ने बास्केटबॉल और शतरंज प्रतियोगिता में भी भाग लेते हुए अपनी खेल भावना, अनुशासन, प्रतिभा एवं समर्पण का परिचय दिया।
प्रधानाचार्य विभा गुप्ता ने सभी पदक विजेता विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी बागा के इकाई प्रमुख बीपी सग्गू एवं विद्यालय प्रबंधक संजीव राजपूत ने भी विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।