अजमेरपुर ग्रीष्मोत्सव दंगल में पप्पू नयना देवी और लाली फगवाड़ा बने विजेता
समापन समारोह पर माता टौणी देवी मंदिर से निकली भव्य शोभा यात्रा
. तकनीकी शिक्षा मंत्री ने की ग्रीष्मोत्सव के समापन की घोषणा
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। अजमेरपुर ग्रीष्मोत्सव भराड़ी का समापन समारोह शनिवार को पूरे उत्साह और पारंपरिक धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। समारोह में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मेला कमेटी और स्थानीय लोगों ने उनका पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत और सम्मान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत माता टौणी देवी मंदिर भराड़ी से सुबह 11 बजे निकाली गई भव्य शोभा यात्रा से हुई। शोभा यात्रा में क्षेत्र के श्रद्धालु, कलाकार और युवा पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर नाचते-गाते लोग छिंज स्थल तक पहुंचे, जिससे पूरा क्षेत्र उत्सवमय हो उठा। इसके उपरांत आयोजित विशाल दंगल में देश के विभिन्न राज्यों से आए नामी पहलवानों ने अपने दांव-पेंच और ताकत का शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा और हर मुकाबले पर तालियों की गूंज सुनाई देती रही। छोटी माली वर्ग में सेमीफाइनल मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। पप्पू नयना देवी ने प्रिंस बड़ा को हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में अनु करेर ने राहुल लदरौर को पराजित किया। फाइनल मुकाबले में पप्पू नयना देवी ने शानदार खेल दिखाते हुए अनु करेर को हराकर हिमाचल केसरी का खिताब अपने नाम किया और ग्रीष्मोत्सव भराड़ी के विजेता बने। बड़ी माली वर्ग में लाली फगवाड़ा ने सेमीफाइनल में इरफान जम्मू को हराया, जबकि विक्की चंडीगढ़ ने संजीव तलवंडी को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला काफी लंबा और कड़ा रहा, जिसमें अंततः लाली फगवाड़ा विजेता रहे और बड़ी माली का खिताब अपने नाम किया।
इनसेट
महिला पहलवानों और युवा खिलाड़ियों ने भी बिखेरा जलवा
दंगल में महिला पहलवानों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। साक्षी बिलासपुर और बबली कपाहड़ा के बीच मुकाबला दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहा। इसके अलावा ऊना जिले के नंदपुर गांव के सगे भाई समर और राघव ने भी अपनी कुश्ती कला से दर्शकों को प्रभावित किया। उनके पिता इंद्रजीत की पारंपरिक पहलवानी की झलक भी इस मंच पर देखने को मिली।
इनसेट
मंत्री बोले, नशे से दूर रहें युवा, खेलों को बनाएं जीवन का हिस्सा
मुख्यातिथि धर्माणी ने विजेता और उपविजेता पहलवानों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से विशेषकर चिट्टे जैसे नशों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, ऊर्जा और सकारात्मक दिशा देते हैं तथा समाज को स्वस्थ और सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
इनसेट
मेला कमेटी ने जताया आभार, आज सांस्कृतिक संध्या का आयोजन
कार्यक्रम के अंत में मेला कमेटी के प्रधान करतार सिंह चौधरी ने सभी अतिथियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के सहयोग से ही इस ग्रीष्मोत्सव का सफल आयोजन संभव हो पाया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, वरिष्ठ उपप्रधान ख्यालीराम शर्मा, नायब तहसीलदार प्यारेलाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। रात्रि में ग्रीष्मोत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसके साथ ही इस वर्ष का ग्रीष्मोत्सव संपन्न हुआ।