बिलासपुर। हरियाणा के झज्जर जिले के दिग्गल में आयोजित होने वाली फेडरेशन कप पुरुष एवं महिला वरिष्ठ हैंडबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने वाली हिमाचल प्रदेश की महिला हैंडबॉल टीम का चयन आगामी 23 फरवरी को बिलासपुर के कहलूर खेल परिसर के हैंडबॉल मैदान में किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश हैंडबॉल संघ के महासचिव नंदकिशोर शर्मा ने बताया कि महिला खिलाड़ी चयन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए 23 फरवरी को सुबह 10:00 बजे हैंडबॉल मैदान में अपने आधार कार्ड तथा बोनाफाइड हिमाचली सर्टिफिकेट के साथ हैंडबॉल प्रशिक्षक मनोज ठाकुर से संपर्क कर सकते हैं। गौरतलब है कि फेडरेशन कप में देश की चुनिंदा 8 महिला टीमें भाग लेंगी। इस वर्ष वरिष्ठ महिला राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में देशभर में श्रेष्ठ आठ टीमों में स्थान हासिल करने की उपलब्धि पर हिमाचल प्रदेश की महिला टीम इस प्रतियोगिता में भाग ले रही है। नंदकिशोर ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर बिलासपुर में वरिष्ठ हैंडबॉल प्रशिक्षकों की देखरेख में आयोजित किया जाएगा।