-कसोल में हुआ कढ़ाई और वस्त्र उत्पाद कोर्स का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एनटीपीसी कोलडैम नैगम सामाजिक दायित्व के तहत परियोजना प्रभावित क्षेत्र की महिलाओं और युवा वर्ग के सशक्तिकरण के लिए रोजगार मुखी प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए प्रयासरत है। इसी कड़ी में एनएसआईसी मंडी के सहयोग से कसोल गांव में चल रहे छह माह के कढ़ाई और वस्त्र उत्पाद कोर्स का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया।
कोर्स में परियोजना प्रभावित क्षेत्र की 25 महिलाओं ने भाग लेकर विभिन्न प्रकार के कढ़ाई और वस्त्र उत्पादों को बनाना सीखा। सभी महिलाएं कोर्स में लिए गए प्रशिक्षण से बेहद उत्साहित हैं और कुछ महिलाएं कोर्स के साथ-साथ भी घर पर विभिन्न प्रकार के उत्पाद तैयार करके अपनी आजीविका चला रही हैं। समापन समारोह में अपर महाप्रबंधक उमेश कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र दिए। साथ ही महिलाओं के लिए स्वरोजगार सहायता के लिए उन्हें सिलाई मशीन भी दी। इस अवसर पर एनटीपीसी कोलडैम की ओर से डॉ. अंजुला अग्रवाल, पूरन सिंह, लोकेश कुमार भाटिया और अन्य उपस्थित रहे।