संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर।
ग्राम पंचायत नोग में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नारी शक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम युवा नेता व समाजसेवी रोहित ठाकुर की ओर से आयोजित किया गया, जिसमें पंचायत क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर इसे सफल बनाया।
कार्यक्रम में महिलाओं को उनके सामाजिक योगदान, पारिवारिक जिम्मेदारियों के निर्वहन और समाज निर्माण में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका के लिए सम्मानित किया गया। महिलाओं में इस पहल को लेकर उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर नारी शक्ति विषय पर विशेष चर्चा भी आयोजित की गई। महिलाओं ने खुलकर अपने विचार रखे और अपने अधिकारों, आत्मनिर्भरता, सामाजिक भागीदारी के प्रति जागरूकता दिखाई।
रोहित ठाकुर ने कहा कि आज के समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और समाज को आगे बढ़ाने में उनकी भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम की एक अहम विशेषता यह रही कि नोग पंचायत के महिला मंडलों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। महिलाओं ने पानी, सड़क, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य स्थानीय मुद्दों पर अपनी परेशानियां सामने रखी।
इस पर रोहित ठाकुर ने भरोसा दिलाया कि इन समस्याओं को प्रशासन के समक्ष प्रभावी तरीके से उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल नारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे जमीनी स्तर पर लागू करना जरूरी है। इस अवसर पर चेत राम वर्मा, प्रकाश ठाकुर, कुबेर सिंह, बंत सिंह चंदेल, लेखराम ठाकुर, सुखिया राम, विजय, रूपलाल, माया देवी (महिला मंडल प्रधान), सीता राम, नंदलाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन को सराहनीय बताते हुए भविष्य में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया।