ग्राम पंचायत बेनला ब्राह्मणा और कंदरौर पहुंची भारत संकल्प यात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत सोमवार को ग्राम पंचायत बेनला ब्राह्मणा और कंदरौर पंचायत में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन लाइव सुना। इस कार्यक्रम में करीब 120 कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री की बात सुनी।
बेनला ब्राहमणा पंचायत प्रधान राकेश ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा एक रथ नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी वाली गाड़ी है। जनता को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के संकल्प के साथ यह गाड़ी हर गांव, कस्बे और शहर में पहुंच रही है। इसका उद्देश्य मोदी सरकार की जनकल्याणकारी और जनहितैषी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि हर पात्र व्यक्ति तक इन योजनाओं का लाभ पहुंच सके। कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का प्रत्येक शब्द इसके उद्देश्य से खुद ही अवगत कराता है। मोदी सरकार ने आयुष्मान भारत, उज्ज्वला, जनधन, किसान सम्मान निधि, आवास, विश्वकर्मा तथा किसान क्रेडिट कार्ड जैसी कई महत्वाकांक्षी योजनाओं को धरातल पर अमलीजामा पहनाया है, जिससे करोड़ों लोग लाभान्वित हो रहे हैं। इस दौरान स्वास्थ्य और रक्तदान शिविर भी लगाए जा रहे हैं। लोकसभा चुनाव में मोदी की गारंटी केंद्र में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।