-खिलाड़ियों ने अध्यापकों को सौंपी जीती ट्राफियां
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अंडर-14 खंड स्तरीय छात्र खेलकूद प्रतियोगिताओं के समापन के बाद वीरवार को विजेता खिलाड़ी अपने-अनपे स्कूल पहुंचे। स्कूल पहुंचने पर खिलाड़ियों का अध्यापकों ने हार पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर खिलाड़ियों ने जीती ट्राफियां अध्यापकों को सौंपी।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चांदपुर में खिलाड़ियों का अध्यापकों ने स्वागत किया। प्रधानाचार्य शशिपाल चौहान ने खिलाड़ियों सहित उनके प्रशिक्षक शिव कुमार की खूब सराहना की। टीम प्रभारी राजेश ठाकुर ने बताया कि खिलाड़ियों ने कबड्डी और कुश्ती में पहला स्थान प्राप्त किया। कुश्ती में सौरव, शिवांश, कार्तिक, प्रशांत, सुजल ने स्वर्ण और वीर सम्राट, कैप्सू और नीतीश ने रजत पदक हासिल किया है। कुश्ती में स्कूल ओवरआल विजेता बना। अध्यापकों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठेड़ा के खिलाड़ियों ने खो-खो में दूसरा स्थान प्राप्त किया। टीम का स्कूल पहुंचने पर स्वागत किया गया। प्रधानाचार्य जगदीप ने पीईटी अजय कुमार शर्मा के प्रयासों की सराहना की और खिलाड़ियों को बधाई दी। अजय कुमार शर्मा ने बताया कि स्कूल के तीन खिलाड़ियों का चयन कबड्डी और तीन का खो-खो जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। खिलाड़ियों ने ट्रॅाफी प्रधानाचार्य को सौंपी और आशीर्वाद लिया।
मिनर्वा स्कूल के खिलाड़ियों ने वॉलीबाल में पहला और बैडमिंटन में दूसरा स्थान प्राप्त किया। स्कूल पहुंचने पर खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। प्रधानाचार्य प्रवेश चंदेल ने खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि जिला स्तर के लिए वॉलीबाल में दीक्षांत ठाकुर, कार्तिक, ध्रुव ठाकुर, चेस में आद्यंत सिंह मल्होत्रा और बैडमिंटन में नैतिक भारद्वाज का चयन हुआ है। प्रवेश चंदेल ने खिलाड़ियों और शारीरिक शिक्षकों को बधाई दी।
शिवा इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ियों ने कुश्ती और बैडमिंटन में पहला, शतरंज और वॉलीबाल में दूसरा स्थान हासिल किया। प्रधानाचार्य डॉ. शिल्पा गोयल ने खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कुश्ती में आरव संख्यान, कबड्डी में आरव ठाकुर, वॉलीबाल में अमित ठाकुर, अर्जुन जामवाल, कृष्णा शर्मा, सुभकरण, भुवनेश कश्यप और शतरंज में सक्षम का चयन जिला स्तर के लिए हुआ है। स्कूल पहुंचने पर खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। प्रधानाचार्य ने कहा कि इन खिलाड़ियों को सिखाने में लेखराज का विशेष योगदान रहा है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धार टटोह की टीम खो-खो में विजेता बनी। स्कूल पहुंचने पर खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। फाइनल मुकाबले में दियोथ विद्यालय को हरा कर धार टटोह ने जीत हासिल की। टीम से चार खिलाड़ियों अमन कुमार, अजय मराठा, सुशांत और ऋषि ठाकुर का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ। प्रधानाचार्य कुलदीप चंद और एसएमसी प्रधान प्रमोद कुमार सहित अन्य अध्यापकों ने खिलाड़ियों का हार पहना कर स्वागत किया और उनका उत्साह वर्धन किया। प्रधानाचार्य ने पीईटी अरविंद कुमार के कड़े परिश्रम और प्रशिक्षण की सराहना की।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाल्टी की टीम ने बैडमिंटन में पहला और शतरंज में दूसरा स्थान प्राप्त किया। खिलाड़ियों ने ट्रॉफियां प्रधानाचार्य प्रकाशो देवी को सौंपी। प्रधानाचार्य ने खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के साथ शारीरिक अध्यापक अंजू कुमारी और शशी पाल को बधाई दी, जिन्होंने खिलाड़ियों को अच्छा प्रशिक्षण दिया। इस मौके पर स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।
आर्यन पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों का स्कूल पहुंचने पर स्वागत किया गया। प्रधानाचार्य पंकज ने बताया कि कुश्ती में हसन खान और हुसैन खान ने पहला स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी।