व्हाइट कोट सेरेमनी में पीजीआई चंडीगढ़ के निदेशक ने बताए चिकित्सा पेशे में मानवीय संवेदनाओं का महत्व
डॉक्टरों में चिकित्सकीय दक्षता के साथ मानवीय संवेदनाएं भी जरूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एम्स बिलासपुर में शुक्रवार को एमबीबीएस के 2026 बैच के विद्यार्थियों के लिए वार्षिक व्हाइट कोट सेरेमनी आयोजित की गई। समारोह में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने सफेद कोट पहनकर चिकित्सा के क्षेत्र में अपने नए सफर की शुरुआत की। इस दौरान विद्यार्थियों को चिकित्सा पेशे की जिम्मेदारियों, नैतिक मूल्यों और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार के महत्व से अवगत करवाया गया। पीजीआई चंडीगढ़ के निदेशक डॉ. (प्रो.) विवेक लाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
समारोह का शुभारंभ एम्स के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) दलजीत सिंह ने मुख्य अतिथि के स्वागत और परिचय के साथ किया। इसके बाद प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को सफेद कोट पहनाए गए। सफेद कोट चिकित्सा पेशे में विश्वास, करुणा और जिम्मेदारी का प्रतीक माना जाता है। डीन (एकेडमिक्स) डॉ. (प्रो.) अनुपम पराशर ने विद्यार्थियों को चिकित्सा शपथ दिलाई। इस दौरान विद्यार्थियों ने नैतिक मूल्यों का पालन करने और मरीजों की सेवा के प्रति आजीवन समर्पित रहने का संकल्प लिया।
कार्यकारी निदेशक डॉ. दलजीत सिंह ने कहा कि एक अच्छे डॉक्टर के लिए चिकित्सकीय दक्षता के साथ मानवीय संवेदनाओं का होना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को विनम्र रहने, जरूरतमंदों की सहायता करने और अपने संवाद कौशल को बेहतर बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार और प्रभावी संवाद बेहतर उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्य अतिथि डॉ. विवेक लाल ने चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े प्रेरक प्रसंग साझा करते हुए कहा कि सफलता के लिए समर्पण और करुणा का भाव बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को मरीजों के साथ आत्मीय संबंध बनाने और उनसे संवेदनशीलता के साथ बातचीत करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि मरीजों के साथ बेहतर जुड़ाव उन्हें बीमारी के कठिन समय में भावनात्मक संबल देता है। साथ ही डॉक्टरों को भी चिकित्सा पेशे के दबाव और तनाव से निपटने में मदद मिलती है।
समारोह में डीन (रिसर्च) डॉ. नरवीर सिंह चौहान और फैकल्टी सदस्य भी मौजूद रहे। इस दौरान एमबीबीएस के नए विद्यार्थियों ने अपना परिचय दिया। अंत में डीन (एकेडमिक्स) डॉ. अनुपम पराशर ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।