स्वास्थ्य जागरुकता शिविर का आयोजन
असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित सुइयों के उपयोग से फैलती है बीमारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। लायुल ट्राइबल वेलफेयर एसोसिएशन-बिलासपुर ने प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति-शिमला के सहयोग से घुमारवीं और ब्रह्मपुखर में स्वास्थ्य जागरुकता शिविर का आयोजन किया। इस शिविर का उद्देश्य एचआईवी/एड्स और यौन रोगों के प्रति स्थानीय लोगों को जागरूक करना था।
परियोजना की परामर्शदाता पूनम शर्मा और रीना चंदेल ने लोगों को एचआईवी/एड्स के संक्रमण के कारणों और उससे बचाव के तरीकों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यह बीमारी असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित सुइयों के उपयोग, संक्रमित रक्त चढ़ाने और संक्रमित गर्भवती मां से उसके बच्चे तक पहुंच सकती है। इन कारणों से बचाव अपनाकर इस जानलेवा बीमारी से सुरक्षित रहा जा सकता है। शिविर के दौरान ट्रक चालकों और अन्य उपस्थित लोगों को यौन रोगों के लक्षण, उपचार, दवाइयों के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया कि समय पर पहचान और सही इलाज से यौन रोगों को पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।
स्वास्थ्य शिक्षक जगदीश ने कहा कि एचआईवी/एड्स और यौन रोगों से बचाव के लिए जानकारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे इस विषय पर जागरूक रहें और अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें। शिविर में परियोजना से जुड़े पूनम शर्मा, रीना चंदेल, प्रवीण, घनश्याम, रीमा और सुनीता देवी ने भी सहयोग दिया।