आज से शुरू होगा कोट पेयजल योजना की मरम्मत का कार्य
कालाकुंड योजना को दिन-रात चलाकर दी जाएगी राहत
संवाद न्यूज़ एजेंसी
श्री नयना देवी (बिलासपुर)। श्री नयना देवी शहर और आसपास के क्षेत्रों को पानी उपलब्ध कराने वाली मुख्य कोट पेयजल योजना की मरम्मत के चलते एक सप्ताह तक पेयजल आपूर्ति आंशिक रूप से प्रभावित रहेगी। जल शक्ति विभाग 16 जून से योजना के राइजिंग मेन की मरम्मत का कार्य शुरू करने जा रहा है, जिसके पूरा होने में करीब एक सप्ताह का समय लगेगा।
सहायक अभियंता कार्यालय जल शक्ति उपमंडल बस्सी से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोट स्कीम के राइजिंग मेन में आवश्यक मरम्मत की जानी है। इसके चलते कोट योजना से लाभान्वित श्री नयना देवी शहरी क्षेत्र तथा अन्य गांवों की पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। सहायक अभियंता स्वारघाट कृष्ण लाल गुलेरिया ने बताया कि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए पुरानी उठाऊ पेयजल योजना कालाकुंड को दिन-रात संचालित किया जाएगा। इससे पानी की उपलब्धता बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। विभाग ने लोगों से अपील की है कि इस अवधि के दौरान पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करें और जल संरक्षण को अपनाते हुए विभाग का सहयोग करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को आवश्यक पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।