बिलासपुर। उपमंडल सदर के तहत ग्राम पंचायत कोठीपुरा के गांव नई सारली में एक परिवार को पिछले छह माह से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। इस कारण परिवार ने पानी के लिए अभी तक करीब 50,000 रुपये खर्च कर दिए हैं। परिवार के मुखिया बलवीर कुमार ने बताया कि उसके घर जल शक्ति मिशन के तहत कनेक्शन लगाया गया था, उसे हटा दिया गया था। उनके घर को एक व्यक्ति के घर के पीछे से लाइन जाती है। वह व्यक्ति अपनी मनमर्जी से व्हील को कभी भी खोल देता है। विभाग में इसकी शिकायत दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। विभाग के कर्मचारी मौके पर आते हैं, तो वे वीडियो बनाने लग जाते हैं। पीड़ित परिवार को नया कनेक्शन दिया जाना है। वह परिवार कहता है कि कनेक्शन नहीं लगने देंगे। अब वह कह रहे हैं कि घास कटाई के बाद उन्हें वहां से पाइप लाइन बिछाने देंगे। यदि अभी कनेक्शन देते हैं तो उनका घास खराब होगा। बलबीर ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। कनिष्ठ अभियंता सुभाष मेहता ने बताया कि स्वयं कई बार मौके पर गए हैं। लोगों को समझाने का प्रयास किया गया है। जमीनी विवाद के चलते कनेक्शन नहीं लग पा रहा है। अब उस परिवार ने लिखित में दिया है कि घास कटाई के बाद अपनी जमीन से पाइप लाइन जाने देंगे।