घुमारवीं(बिलासपुर)। विधानसभा क्षेत्र घुमारवीं के तहत आने वाली ग्राम पंचायत कपाहड़ा के गांव धिनवां के ग्रामीणों की पेयजल समस्या का जल्द ही समाधान होगा। ग्रामीण पिछले 20 वर्षों से पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। विधायक राजेंद्र गर्ग ने लोगों की समस्या का प्रमुखता से निराकरण करने के लिए आईपीएच विभाग को निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही गांव में बिग बोरवेल लगाने के लिए धनराशि भी मंजूर कर दी है।
उल्लेखनीय है कि धिनवां गांव के लोग बीते 20 वर्षों से पेयजल किल्लत से जूझ रहे थे। इस गांव में लगभग 200 के करीब लोग रहते हैं। इस गांव के बाशिंदों के लिए चेली भंडारण टैंक से पेयजल आपूर्ति मुहैया करवाई जाती थी लेकिन यह गांव ग्राम पंचायत कपाहड़ा और ग्राम पंचायत छत्त की सीमा पर होने के चलते इन परिवारों तक पेयजल आपूर्ति पूरी नहीं हो पाती थी।
ग्राम वासियों पूर्व उपप्रधान दलवीर सिंह, गरीबदास, अजय कुमार, सुनील कुमार, जगरनाथ, जगतपाल, सोनू कुमार, श्री राम, राकेश कुमार, कमला देवी, रंजू देवी, कांता देवी, सुलोचना देवी, गुद्रन देवी, प्रेमी देवी, पूजा देवी और किरण देवी ने बताया कि उन्होंने इस पेयजल किल्लत की समस्या को स्थानीय विधायक राजेंद्र गर्ग के समक्ष रखा था। लोगों की पेयजल समस्या को दूर करने के उद्देश्य से उन्होंने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश जारी किए कि जल्द से जल्द इन परिवारों की पेयजल किल्लत को दूर किया जाए।
सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस गांव की पेयजल समस्या को दूर करने के लिए एक बिग बोरवेल स्थापित करने की योजना तैयार की है। साथ ही गांव के एक छोर पर ओवरहेड टैंक बनाने की योजना भी तैयार की है। टैंक के ऊपर लगभग 2.5 लाख रुपये खर्च खर्चा होना है।
विधायक राजेंद्र गर्ग ने पेयजल किल्लत को दूर करने के लिए यह धनराशि स्वीकृत करवा दी है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के सहायक अभियंता यशपाल शर्मा ने बताया कि ओवरहेड टैंक का कार्य लगभग 10 से 15 दिन में पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा पेयजल पाइपें डालने के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। यशपाल शर्मा ने बताया कि लगभग दो से तीन माह के अंदर यह कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। उसके उपरांत इन सभी परिवारों की पेयजल किल्लत समाप्त हो जाएगी।