- मशीनरी स्थापित कर पंचायत व शहरों का कचरा जमा कर तैयार होगी खाद
-परियोजना का 60 प्रतिशत कार्य हुआ पूरा
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। विकासखंड झंडूता की ग्राम पंचायत सुन्हाणी में नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 16 लाख रुपये की लागत से ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन का प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है। कचरा प्रबंधन संयंत्र का लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। इसमें अब मशीनरी लगाई जाएगी और आसपास की पंचायतों और शहर का कचरा जमा कर उसकी खाद तैयार की जाएगी। इस संयंत्र के तैयार होने के बाद घरों से निकलने वाले ठोस और तरल कचरे का निस्तारण कर उसकी जैविक खाद भी बनाई जाएगी।
खंड विकास अधिकारी चतर सिंह धीमान, खंड अभियंता विजय अत्री और स्वच्छ भारत मिशन के खंड समन्वयक रमेश चंद ने बताया कि सुन्हाणी कूड़ा संयंत्र में प्लास्टिक और कूड़े के उचित निपटान के लिए श्रेडिंग, बेलिंग और डस्ट रिमूवल मशीनें लगेंगी। इनमें कूड़े का उचित निपटान कर प्लास्टिक को दोबारा प्रयोग के लिए भेजा जाएगा। गीले कचरे से खाद बनाई जाएगी। विकास खंड की पंचायतों का कूड़ा संयंत्र में लाया जाएगा और उचित निपटान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुन्हाणी पंचायत में संयंत्र का काम पूरा हो गया है, इसका कार्य पंचायत ने किया है। उन्होंने बताया कि शेड बनाया जा चुका है। बाकी काम भी जल्द ही पूरा कर दिया जाएगा। स्वच्छ भारत मिशन के तहत एक-एक संयंत्र के लिए 16.16 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी है। उन्होंने बताया कि अन्य पंचायत में भी जल्द ही जगह का चयन कर कचरा प्रबंधन संयंत्र लगाए जाएंगे, जिसमें मशीनों से कचरे का पृथक्करण कर उचित निपटान किया जाएगा और खाद भी बनाई जाएगी। उन्होंने इसके लिए पंचायत को आगे आने के लिए कहा है। कचरा प्रबंधन संयंत्र के शुरू होने पर पंचायत व शहरों में सफाई व्यवस्था बनी रहेगी।