हरनोड़ा में आयोजित विश्व मानव तस्करी निषेध दिवस पर आयोजित जागरुकता कार्यक्रम में उपस्थित महिलाए
विश्व मानव तस्करी निषेध दिवस पर विशेष जागरुकता कार्यक्रम आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। विश्व मानव तस्करी निषेध दिवस के उपलक्ष्य में ग्राम पंचायत हरनोड़ा में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के सचिव प्रतीक गुप्ता की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में ग्रामीणों को घरेलू हिंसा, जमीनी विवाद और मानव तस्करी की रोकथाम कैसे करें, जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्रदान की गई।
गुप्ता ने बताया कि मानव तस्करी एक संगठित अपराध है, जिससे समाज के कमजोर वर्ग विशेषकर महिलाएं और बच्चे प्रभावित होते हैं। उन्होंने ग्रामीणों को विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी दी और बताया कि किस प्रकार निशुल्क कानूनी मदद प्राप्त की जा सकती है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने अपने व्यक्तिगत और सामाजिक मुद्दों को भी सामने रखा और न्यायाधीश से खुलकर प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने संतोषजनक समाधान भी दिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता पवन चंदेल ने बतौर रिसोर्स पर्सन नालसा के तहत योजना में एसिड अटैक, मानव तस्करी के सामाजिक , मानसिक और कानूनी पक्षों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह केवल एक अपराध नहीं बल्कि मानवीय मूल्यों के विरुद्ध एक गंभीर चुनौती है, जिसकी रोकथाम में समाज की सक्रिय भूमिका आवश्यक है। इस अवसर पर क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर की ओर से परामर्शदाता मोनिका कुमारी और पृथ्वीपाल सिंह ने विशेष व्याख्यान प्रस्तुत किया। वक्ताओं ने बताया कि युवाओं को अपने व्यवहार और जीवनशैली में सतर्कता बरतनी चाहिए। मोनिका कुमारी ने बताया कि यदि समय रहते जांच और उपचार किया जाए तो एचआईवी से पीड़ित व्यक्ति की आयु बढ़ाई जा सकती है और वह सामान्य जीवन जी सकता है। कार्यक्रम में पंचायत प्रधान देश राज ठाकुर सहित ग्रामीण मौजूद रहे।