फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: बस सेवा समेत मूलभूत सुविधाओं के लिए सड़क पर उतरे ग्रामीण

विज्ञापन
तरसूह में धरना प्रदर्शन करते ग्रामीण। स्रोत: जागरूक पाठक
विज्ञापन
तरसूह और लैहड़ी के लोगों ने किया प्रदर्शन, बोले- छह से सात किलोमीटर पैदल स्कूल जा रहे बच्चे
विज्ञापन

बस सेवा बहाल करने, पेयजल समस्या दूर करने और स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पद भरने की उठाई मांग

संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। श्री नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली तरसूह और लैहड़ी पंचायतों के ग्रामीण मंगलवार को मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए। ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया और सरकार व संबंधित विभागों से लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने बस सेवा बहाल करने, पेयजल संकट दूर करने, मोबाइल नेटवर्क में सुधार, कम वोल्टेज की समस्या का समाधान करने और सरकारी स्कूलों में खाली पड़े शिक्षकों के पद भरने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में परिवहन सुविधा पर्याप्त नहीं होने के कारण सबसे अधिक परेशानी विद्यार्थियों को झेलनी पड़ रही है। बस सेवा नहीं होने से कई विद्यार्थियों को प्रतिदिन करीब छह से सात किलोमीटर तक पैदल सफर कर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। इससे विद्यार्थियों का समय और ऊर्जा दोनों बर्बाद हो रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और बरसात के दौरान पैदल स्कूल पहुंचना और भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने दूल्हेत स्कूल में शिक्षकों के रिक्त पदों को लेकर भी नाराजगी जताई। ग्रामीणों के अनुसार स्कूल में छह अध्यापकों के पद खाली चल रहे हैं। शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की कि स्कूल में रिक्त पदों को जल्द भरा जाए, ताकि बच्चों को पर्याप्त शिक्षण सुविधा मिल सके। क्षेत्र में बिजली की कम वोल्टेज की समस्या भी ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि कम वोल्टेज के कारण कई बार पानी की मोटरें नहीं चल पाती हैं। इससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित होती है और लोगों को पानी के लिए परेशानी झेलनी पड़ती है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। उपप्रधान ग्राम पंचायत तरसूह ने बताया कि पंचायत क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की स्थिति ठीक नहीं है। इससे आम लोगों के साथ-साथ पंचायत स्तर पर होने वाले ऑनलाइन कार्य भी प्रभावित होते हैं। विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई और जरूरी डिजिटल सेवाओं का लाभ लेने में भी लोगों को दिक्कतें आती हैं। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में एक साथ कई मूलभूत समस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से इनका स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में ग्राम पंचायत तरसूह के प्रधान विजय कुमार, उपप्रधान हरदीप सिंह, बीडीसी सदस्य सुनीता कुमारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें