घट्टेवाल सरन में स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध करने के लिए एकत्रित हुए ग्रामीण। स्रोत: जागरूक पाठ
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। विधानसभा क्षेत्र श्री नयना देवी जी के गांव घट्टेवाल सरन में स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने गांव में स्मार्ट मीटर लगाने का काम रोकने के साथ ही पहले से लगाए जा चुके करीब 8 से 10 स्मार्ट मीटरों को हटाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि उनका गांव भाखड़ा बांध विस्थापित परिवारों से जुड़ा हुआ है। विस्थापन के बाद से ही ग्रामीण कई तरह की समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उनका आरोप है कि लंबे समय से सरकार और प्रशासन की ओर से समस्याओं के समाधान के आश्वासन तो दिए जाते रहे, लेकिन कई मांगें आज भी पूरी नहीं हुई हैं। ग्रामीणों ने कहा कि जब गांव के लोग पहले ही विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं, ऐसे में स्मार्ट मीटर लगाए जाने से उनकी परेशानी और बढ़ सकती है। स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में गांव के बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य ग्रामीणों ने एकत्रित होकर अपना रोष जताया। ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि घट्टेवाल सरन में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तुरंत रोका जाए। साथ ही, गांव में पहले से लगाए गए करीब 8 से 10 स्मार्ट मीटरों को भी हटाया जाए।
उन्होंने कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान करने के बाद ही किसी नई व्यवस्था को लागू किया जाना चाहिए। संवाद