कोटलू ब्राह्मणा में आयोजित दंगल में विजेता पहलवानों को सम्मानित करते आयोजक। स्रोत: दंगल कमेटी
-कोटलू ब्राह्मणा में आयोजित हुआ दंगल
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं के तहत लुरहानी में लखदाता वीर कमेटी कोटलू ब्राह्मणा की ओर से हर बार की तरह पारंपरिक दंगल का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश सहित देश के अलग अलग राज्यों के नामी पहलवानों ने भाग लिया। दंगल में आए पहलवानों ने सभी मुकाबले कांटे के लड़े, जिसका लोगों ने भरपूर आनंद उठाया।
दंगल में दो मालियां रखीं गयी थीं, जिसमें छोटी माली का फाइनल मुकाबला धीरज धवाल व जरनेल जम्मू के बीच हुआ। करीब आधे घंटे चले इस मुकाबले में धीरज धवाल ने जरनेल जम्मू को हराकर छोटी माली का खिताब अपने नाम किया। छोटी माली के विजेता पहलवान को 4100 रुपये और गुर्ज व उपविजेता को 3100 रुपये व गागर देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही बड़ी माली का फाइनल मुकाबला काफी रोमांचक रहा, जोकि विकास हरियाणा व सिद्धार्थ धवाल के बीच हुआ। करीब आधा घंटा से अधिक समय चले इस मुकाबले के अंत में विकास हरियाणा ने सिद्धार्थ धवाल को हराकर बड़ी माली का ख़िताब अपने नाम किया। विजेता पहलवान को 5100 रुपये व गुर्ज जबकि उपविजेता को 4100 रुपए व गागर देकर सम्मानित किया। दंगल कमेटी के प्रधान सुंदरलाल ने बताया कि लोगों के सहयोग से हर वर्ष आयोजित होने वाले इस दंगल को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस अवसर पर कमेटी उप प्रधान बिशन राम, सदा राम, बालक राम, रामलाल, सुरेंद्र कुमार, राजेश शर्मा, सतीश कुमार, नरेंद्र , तेजपाल, भागीरथ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।