- विधायक जीतराम कटवाल ने भाजयुमो के टी स्टॉल का भी किया दौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। मोदी सरकार की जनहितैषी योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत मंगलवार को झंडूता विधानसभा क्षेत्र की थुराण और दाड़ी-भाड़ी पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने के साथ ही विधायक जीतराम कटवाल ने भाजयुमो कार्यकर्ताओं द्वारा झंडूता में लगाए गए नमो टी स्टॉल का दौरा भी किया।
चाय की चुस्कियों के बीच उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं से बात करके उनका मार्गदर्शन किया। इसके साथ ही उन्होंने गुरु गोविंद सिंह के पुत्रों साहिबजादे जोरावर सिंह और फतेह सिंह के आत्म बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में धराड़सानी गुरुद्वारा में वीर बाल दिवस कार्यक्रम में भी भाग लिया। थुराण और दाड़ी-भाड़ी पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए जीतराम कटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल एवं गतिशील नेतृत्व में केंद्र सरकार ने कई जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। आयुष्मान भारत, उज्ज्वला, जनधन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास, नैनो उर्वरक तथा किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से करोड़ों लोग लाभान्वित हो रहे हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य सभी लोगों को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना है। नरेंद्र मोदी ‘सबका साथ-सबका विकास’ के मूलमंत्र के साथ काम कर रहे हैं। वह हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए कारगर योजनाएं तैयार करके उन्हें धरातल पर अमलीजामा पहनाते हैं।
झंडूता में भाजयुमो द्वारा लगाए गए नमो टी स्टॉल पर युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष तिलकराज शर्मा और संजीव शर्मा समेत अन्य कार्यकर्ताओं के साथ चाय की चुस्कियों के बीच जीतराम कटवाल ने कहा कि युवा कार्यकर्ता भी इस टी स्टॉल के माध्यम से मोदी सरकार की जनहितैषी योजनाओं और नीतियों से लोगों को अवगत कराकर सराहनीय कार्य कर रहे हैं। युवा मोर्चा कार्यकर्ता लोगों को अपने मोबाइल पर नमो ऐप डाउनलोड करने के लिए भी प्रेरित कर रहे हैं। इस ऐप से उन्हें केंद्र सरकार की नई-नई योजनाओं और फैसलों की जानकारी तुरंत मिल सकेगी।