बिलासपुर। विजिलेंस कार्यालय ऊना में तैनात बिलासपुर के बिनौला गांव का एक युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। उक्त कर्मी का ऊना में कोरोना का सैंपल लिया गया था। बावजूद उसके कर्मचारी ने गैरजिम्मेदाराना रवैया अपनाते हुए सैंपल देने के बाद घर का रुख किया। वहीं, जैसे ही बिलासपुर जिला स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना मिली वैसे ही संक्रमित को कोविड केयर सेंटर चांदपुर शिफ्ट किया गया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंच कर संक्रमित के प्राथमिक संपर्क में आने वाले लोगों की लिस्ट खंगाल रही है।
सीएमओ डॉ.प्रकाश दड़ोच ने बताया कि उक्त संक्रमित ऊना विजलेंस कार्यालय का कर्मचारी है। बताया कि ऊना विजिलेंस कार्यालय में कोरोना संक्रमित आने के बाद कार्यालय को सील कर दिया था। उस के बाद शुक्रवार को उक्त कर्मचारी का भी ऊना में कोरोना टैस्ट लिया गया था। लेकिन रिपोर्ट आने से पहले ही कर्मचारी बिलासपुर के बिनौला गांव स्थित अपने घर पहुंच गया। वहीं शनिवार को इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसकी सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने कर्मी को कोविड अस्पताल शिफ़्ट कर दिया है। वहीं, टीम संक्रमित के प्रथम संपर्क में आने वाले लोगों की लिस्ट खंगाल रही है। जिन्हें होम क्वारंटीन किया जाएगा। वहीं क्षेत्र को चिन्हित कर इसे कंटेनमेंट जोन घोषित किया जाएगा।