भराड़ी में एक साल पहले 15 लाख की ठगी मामले में पुलिस एक और व्यक्ति को शिमला से भराड़ी लाई है, जबकि आरोपी का पत्नी को पुलिस पहले ही दिल्ली से गिरफ्तार कर चुकी है।
महिला से पूछताछ के बाद बड़े राज पुलिस के सामने आ चुके हैं। महिला ने बताया कि इस ठगी गिरोह में दिल्ली के कई बैंक अधिकारी भी जुड़े हैं, जबकि पूरे नेटवर्क को चलाने बाले सैकड़ों युवाओं को साथ लेकर कॉल सेंटर भी चला रहे हैं। इसी दौरान शिमला पुलिस ने महिला के पति को भी गिरफ्तार किया था, जिसे अब भराड़ी लाया गया है।
गिरफ्तार किए गए व्यक्ति कर्णदीप उर्फ ,कर्ण उर्फ सन्नी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 27 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। गिरफ्तार व्यक्ति से पुलिस कई अन्य जानकारियां हासिल करेगी, ताकि गिरोह के अन्य लोग भी गिरफ्तार किया जा सके।
गिरफ्तार महिला और उसके पति से पूछताछ में कई बड़े राज पुलिस के हाथ लगे हैं। यह गिरोह कई राज्यों में लोगों को अपनी ठगी का शिकार बना चुका है। लोगों के फोन नंबर से लेकर लोगों के खातों की जानकारी इस गिरोह के पास उपलब्ध होती थी। इस गिरोह के कुछ सदस्य दिल्ली में बैठकर लोगों को फोन किया करते थे। लोगों से पॉलिसी के घाटे के नाम पर ठगी किया करते थे। इस गिरोह के सदस्यों की ओर से करीब 1 वर्ष पहले भराड़ी के नजदीकी गांव के एक व्यक्ति से करीब 15 लाख रुपये की ठगी की गई थी।
व्यक्ति की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की छानबीन जारी रखी थी। मामले के करीब 1 वर्ष बाद दिल्ली की एक दंपति को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार महिला को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लेने की बात कह रही है। खबर की पुष्टि एसपी राहुल नाथ ने की।