बिलासपुर। जिले में कोरोना वैक्सीनेशन महा अभियान जोरशोर से जारी है। प्रतिदिन लक्ष्य से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। जिले में मंगलवार को 18 से 44 आयु वर्ग के 8860 लोगों ने कोरोना की वैक्सीन लगवाई। ग्रामीण क्षेत्रों में बिना स्लॉट बुक किए वैक्सीन लगाने का क्रम जारी रहा। शहरी क्षेत्रों में स्लॉट बुक करवाने के बाद ही वैक्सीन लगाई जा रही है।
बता दें कि मंगलवार को जिले में 49 केंद्रों पर लोगों ने वैक्सीन लगवाई। लोगों में वैक्सीन लगवाने को लेकर काफी उत्साह दिखा। ग्रामीण क्षेत्रों में पर्ची के आधार पर पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर वैक्सीन लगाई गई। सुबह 10 बजे ही वैक्सीन सेंटर में लोग पहुंचने शुरू हो गए। सरकार ने 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों को टीका लगाने के लिए महा अभियान चलाया है। जिले में प्रतिदिन 5452 लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया है। मंगलवार को 8860 ने वैक्सीन लगवाई। जिले में 18 से 44 आयु के कुल 29554 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।