बाल पाठशाला बिलासपुर में आयोजित बैठक में उपस्थित सभी स्कूल मुखिया व अन्य । संवाद
-बाल पाठशाला बिलासपुर में स्कूल मुखियाओं की हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक बाल पाठशाला बिलासपुर में उपनिदेशक उच्च शिक्षा रेणू कौशल और उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा नरेश चंदेल ने सभी स्कूल मुखियाओं के साथ बैठक की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य पाठशाला में चल रही विभिन्न प्रकार की गतिविधियों पर चर्चा करना, भविष्य में किस प्रकार शिक्षा गुणवत्ता में सुधार हो और क्या-क्या कदम उठाए जाएं इस पर गहनता से विचार-विमर्श करना था। उपनिदेशक उच्च शिक्षा रेणू कौशल ने बताया कि यदि सभी स्कूल मुखिया यह दृढ़ निश्चय कर लें कि पाठशाला में उपलब्ध संसाधनों का बच्चों की बेहतरी के लिए भरपूर उपयोग किया जाएगा तो शिक्षा गुणवत्ता में सुधार निश्चित आएगा। इसके अलावा कर्मचारियों का ऑनलाइन रिकॉर्ड, एजी ऑडिट, एमडीएम रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर कैश बुक, ई वेस्ट, रिजल्ट रजिस्टर, एसएमसी रजिस्टर, डिजिटल लाइब्रेरी का सदुपयोग, पाठशाला की साफ- सफाई और स्कूलों में चल रहे भवन निर्माण की स्टेटस रिपोर्ट पर भी विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि वह आगामी दिनों में सभी स्कूलों का निरीक्षण करेंगी।
उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा नरेश चंदेल ने मुखियाओं से स्कूल में उपलब्ध सभी संसाधनों को प्राइमरी स्कूल के बच्चों के साथ साझा करने को कहा। इस दौरान सभी स्कूल मुखिया ने अपनी पाठशाला की उपलब्धियां बताईं और अन्य विषयों पर भी दोनों उपनिदेशकों से मार्गदर्शन लिया। इस अवसर पर पाठशाला के प्रधानाचार्य श्यामलाल, राजकुमार आदि उपस्थित रहे।