बरमाणा वार्ड से विजेता भाजपा समर्थित प्रत्याशी अशोक शर्मा समर्थकों के साथ। संवाद
अशोक को विजेता घोषित होने के बाद दोबारा गिनती पर नारेबाजी
क्यूआरटी करनी पड़ी तैनात
विधायक ने जिला निर्वाचन अधिकारी से की बात
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला परिषद बरमाणा वार्ड की मतगणना को लेकर मतगणना केंद्र के बाहर गहमागहमी का माहौल रहा। भाजपा समर्थित अशोक कुमार शर्मा के समर्थकों ने रिकाउंटिंग को लेकर आपत्ति जताई, हालांकि रिकाउंटिंग के बाद भी अशोक शर्मा ही विजेता रहे।
बरमाणा की मतगणना सुबह शुरू हुई। इसमें अशोक शर्मा को अधिक मत मिले। समर्थकों का कहना था कि मतगणना के बाद उन्हें विजेता घोषित किया गया। इसके बाद 30 से 40 मिनट बाद अशोक शर्मा को वापस बुलाया गया और कहा गया कि रिकाउंटिंग की जानी है। इस पर समर्थकों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मतगणना में भेदभाव के आरोप लगाए। इस मौके पर सदर के विधायक त्रिलोक जमवाल भी पहुंचे। उन्होंने भी अधिकारियों से बातचीत की। मौके पर उपायुक्त व जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल कुमार भी पहुंचे। जमवाल ने उनसे बात की। विधायक ने कहा कि यह सरासर गलत है, जब प्रत्याशी को विजेता घोषित कर दिया गया तो इतनी देर बाद रिकाउंटिंग नियमों के खिलाफ है। इसके बाद समर्थकों ने जमकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। हालात को देखते हुए मौके पर क्यूआरटी तैनात की गई। हालांकि अशोक शर्मा ने रिकाउंटिंग में सहयोग किया और नतीजा उनके पक्ष में आया।
विधायक त्रिलोक जमवाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार अपनी हार को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। इस प्रकार की हरकतें प्रशासन से कराई जा रही हैं, लेकिन जनता सब जानती है। लोगों ने प्रदेश सरकार को बता दिया है कि आगामी चुनावों में कांग्रेस का क्या हर्ष होने वाला है।