नगर परिषद श्री नयना देवी जी में सफाई कर्मचारियों को किट प्रदान करते अधिकारी। संवाद
-लोगों को शहर की स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक
-सफाई कर्मचारियों को बांटी गई स्वच्छता किट
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी (बिलासपुर)। नगर परिषद श्री नयना देवी जी की ओर से संचालित सिटीजन कनेक्ट प्रोग्राम के तहत विशेष शिविर लगाया गया। इस शिविर में लोगों ने अपनी समस्याओं को सीधे अधिकारियों के सामने रखा। इसका उद्देश्य स्वच्छ शहर, समृद्ध शहर, सशक्त शहर अभियान को गति देना है।
शिविर में अधिकारियों ने शिकायतों को दर्ज किया और उनका मौके पर समाधान किया। नागरिकों को अपनी शिकायतों को ऑनलाइन ट्रैक करने की सुविधा भी प्रदान की गई, जिससे वे अपनी शिकायतों की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सके। इस दौरान कार्यकारी अधिकारी ललित कुमार ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि हर नागरिक की समस्या का समाधान हो और शहर को स्वच्छ और समृद्ध बनाया जा सके। शिविरों के माध्यम से हम नागरिकों तक सीधे पहुंच रहे हैं और उनकी शिकायतों का मौके पर समाधान कर रहे हैं। कार्यक्रम के तहत नगर परिषद ने शहर के विभिन्न हिस्सों में सफाई अभियान चलाया हुआ है। नागरिकों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान स्वच्छता कर्मचारियों को दस्ताने, मास्क और गम बूट जैसे आवश्यक सुरक्षा गियर प्रदान किए गए। स्वयंसेवकों व स्वच्छता कर्मचारियों को टी-शर्ट वितरित की गई, जिससे स्वच्छता अभियान में उनकी पहचान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि नगर परिषद ने नागरिकों की सुविधा के लिए एक नागरिक सेवा पोर्टल भी शुरू किया है। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक डोर-टू-डोर कचरा उपयोगकर्ता शुल्क बिल भुगतान, संपत्ति कर बिल भुगतान, पालतू जानवर पंजीकरण और विज्ञापन, होर्डिंग जैसे कार्यों को ऑनलाइन कर सकते हैं।