सीर खड्ड में अवैध खनन करने वाले दो टै्रक्टर चालकों पर कार्रवाई करते भराड़ी पुलिस टीम । संवाद
मौके पर दोनों का काटा 9200 रुपये का चालान
भराड़ी पुलिस टीम ने गुप्त सूचना पर की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। पुलिस थाना भराड़ी के तहत सीर खड्ड में अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर पकड़े। इन ट्रैक्टरों में अवैध खनन सामग्री भरी हुई थी। पुलिस ने मौके पर ही दोनों ट्रैक्टरों का 9200 रुपये का चालान काटा।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि इलाके में अवैध खनन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और किसी भी कीमत पर यह गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाना प्रभारी अनूप ने बताया पुलिस को सूचना मिली कि सिर खड्ड क्षेत्र में अवैध खनन चल रहा है। भराड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर खनन कर रहे दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया और चालान जारी किए। एक ट्रैक्टर को 4600 और दूसरे का भी 4600 रुपये का चालान काटा। थाना प्रभारी ने कहाए क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी हालत में नहीं होने दिया जाएगा। टीम लगातार इस पर निगरानी रखे हुए है और जो भी इस अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सीर खड्ड क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर पुलिस प्रशासन ने पहले भी कई बार चेतावनी दी थी। खनन का यह अवैध कार्य न केवल पर्यावरण के लिए खतरा है, बल्कि यह स्थानीय नदियों और जल स्रोतों के संतुलन को भी बिगाड़ता है। इसके अलावा सरकार को राजस्व की हानि भी पहुंचाता है। भराड़ी पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि अगर उन्हें कहीं भी अवैध खनन की गतिविधियां दिखाई दें तो वे तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि जन सहयोग के बिना इस समस्या का समाधान संभव नहीं है और क्षेत्रवासियों की जागरूकता से ही अवैध खनन पर रोक लगाई जा सकती है। थाना प्रभारी अनूप ने यह भी बताया कि पुलिस लगातार गश्त करती रहती है और कार्रवाई जारी रहेगी।