विद्यार्थी, नौकरीपेशा और आमजन प्रभावित, निजी बसों पर बढ़ा खर्च
निगम ने ज्वालाजी-रोहड़ू बस अचानक की बंद
लंबे समय से बिलासपुर-धर्मशाला वाया भराड़ी बस की भी नहीं मिल रही सेवा
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। उप तहसील भराड़ी के तहत आने वाले कस्बों और गांवों में इन दिनों लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र से गुजरने वाली दो सरकारी बस सेवाएं अचानक बंद होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और आमजन की आवाजाही प्रभावित हो गई है। लोगों को निजी बसों या महंगे साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है।
सुबह करीब सात बजे चलने वाली ज्वालाजी-रोहड़ू सरकारी बस सेवा को अचानक बंद कर दिया है। इसके अलावा बिलासपुर-धर्मशाला वाया भराड़ी बस भी काफी समय से बंद है। बिलासपुर-धर्मशाला बस हमीरपुर, लदरौर और भोटा की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए सबसे सुविधाजनक साधन मानी जाती थी। वहीं ज्वालाजी-रोहड़ू बस से घुमारवीं, बिलासपुर, शिमला और अन्य क्षेत्रों के लिए आगे की यात्रा करना आसान रहता था। इन रूटों के बंद होने से क्षेत्र की हजारों की आबादी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने परिवहन निगम से मांग की है कि दोनों बस रूटों को जल्द से जल्द दोबारा शुरू किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि बस सेवाएं जल्द बहाल नहीं की गईं तो लोग विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
मेला खत्म होते ही शुरू होंगी बसें
कुछ बसें मेले के कारण मैडी अंब गई हैं। जैसे ही बसें वापस लौटेंगी, इन रूटों पर बसों का संचालन फिर से शुरू कर दिया जाएगा।
-जयपाल, बस अड्डा इंचार्ज, घुमारवीं