- दो आरोपियों को आज दोबारा कोर्ट में पेश करेगी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर गोलीकांड मामले में अभी तक दो आरोपी फरार चल रहे हैं। इनमें एक गोलीकांड का मास्टरमाइंड है और दूसरा शूटर मुहैया कराने वाला है। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। वहीं गोली कांड के आरोपी पुरंजन ठाकुर की मंगलवार को जमानत याचिका पर सुनवाई है।
पुलिस ने फरार आरोपी पुरंजन ठाकुर और मल्ली को पकड़ने के लिए पुलिस ने कई टीमें बनाई हैं। वहीं पुलिस मामले के अन्य पहलुओं पर भी छानबीन कर रही है। गत वीरवार को बिलासपुर कोर्ट के बाहर दिन दहाड़े हुए गोली कांड के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को तो गिरफ्तार कर लिया है। जो पांच दिन के पुलिस रिमांड पर हैं। इन दोनों को भी मंगलवार को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा, लेकिन उसके बाद अभी दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है। पुलिस कस्टडी में आरोपी शूटर ने कबूला है कि उसे पैसे देकर इस कांड को अंजाम देने के लिए बिलासपुर लाया गया था, हालांकि वह कांड के मास्टरमाइंड पुरंजन ठाकुर को शुरू से नहीं जानता था, लेकिन गरामोड़ा के मल्ली ने उसे पुरंजन से मिलाया था। इसके बाद मामले की सारी भूमिका तैयार हुई। वहीं दूसरी ओर पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने सोमवार को इस मामले पर कहा कि मल्ली गोलीकांड में घायल युवक का साथी है। उसकी शादी में मल्ली ने पूरी जिम्मेदारी निभाई थी। कहा कि गोलीकांड मामला बहुत बड़ा षड़यंत्र है। इसकी जांच सीबीआई और हाईकोर्ट के वर्तमान न्यायाधीश से होनी चाहिए।