5 से 17 फरवरी तक चलेगा अभियान, 160 क्विंटल खरीद का लक्ष्य
जायका परियोजना के तहत जिले के विभिन्न केंद्रों पर होगी हल्दी की खरीद,
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में प्राकृतिक खेती के माध्यम से उगाई गई हल्दी की खरीद 5 से 17 फरवरी तक विभिन्न स्थानों पर की जाएगी। जायका परियोजना के ब्लॉक परियोजना प्रबंधक पवन कुमार ने बताया कि यह खरीब जायका परियोजना के तहत होगी।
उन्होंने बताया कि 5 फरवरी को जुखाला में सदर खंड के किसानों की हल्दी खरीदी जाएगी, जबकि 6 फरवरी को किसान भवन में भी सदर खंड के किसानों से हल्दी की खरीद होगी। इसके अलावा 9 व 10 फरवरी को कृषि विभाग के औहर फार्म स्थित सेल सेंटर पर घुमारवीं औहर और घुमारवीं खंड के किसानों की हल्दी खरीदी जाएगी। 11 फरवरी को औहर फार्म में झंडूता ब्लॉक के किसानों की हल्दी की खरीद की जाएगी, वहीं 13 फरवरी को भी झंडूता खंड के किसानों से हल्दी खरीदी जाएगी। 16 फरवरी को औहर फार्म में स्वारघाट खंड के किसानों की हल्दी खरीदी जाएगी, जबकि 17 फरवरी को किसान भवन में सदर खंड के किसानों की हल्दी की खरीद होगी।
सभी खरीद केंद्रों पर हल्दी की खरीद सुबह 10 से शाम 5 बजे तक की जाएगी। इस दौरान आतमा परियोजना के बीटीएम भी मौजूद रहेंगे। केवल उन्हीं किसानों की हल्दी खरीदी जाएगी जिन्होंने प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण प्राप्त किया हो, सितारा पोर्टल पर पंजीकरण करवाया हो और जिनका उत्पाद पूरी तरह प्राकृतिक तरीके से उगाया गया हो। इसके साथ ही किसानों द्वारा आतमा परियोजना के पास निर्धारित फार्म भरना अनिवार्य होगा। जायका परियोजना ने जिले में करीब 160 क्विंटल हल्दी खरीद का लक्ष्य रखा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि इससे अधिक मात्रा में भी हल्दी आती है तो उसकी भी खरीद की जाएगी। उपनिदेशक आतमा परियोजना रितेश गुप्ता ने बताया कि जिले के किसानों से 5 से 17 फरवरी तक चरणबद्ध तरीके से हल्दी की खरीद की जाएगी, जिससे प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को बेहतर मूल्य सुनिश्चित किया जा सकेगा।