बिलासपुर। स्वास्थ्य विभाग ने जकातखाना के एक व्यक्ति को वीरवार को अस्पताल में आईसोलेट किया है। उक्त व्यक्ति एक माह पहले विदेश से वापस आया था और अपना 28 दिन का होम क्वारंटीन का समय पूरा कर चुका था। लेकिन, वीरवार को तबीयत खराब होने के बाद उसने स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दी। जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में आईसोलेट कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार यह व्यक्ति एक माह पहले तुर्की से अपने गांव जकातखाना लौटा था। सीएमओ बिलासपुर डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि इसे विभाग ने 28 दिन तक होम क्वारंटीन किया था। इसका निगरानी का समय पूरा हो चुका था। लेकिन, वीरवार को खांसी और बुखार के चलते इसने स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दी। जिसके बाद इसे जिला अस्पताल लाया गया। वहीं इसे आईसोलेट किया गया है। बताया कि उक्त व्यक्ति का ब्लड सैंपल कोरोना टेस्ट के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वो अपने घरों में टिके रहें और खुद को सुरक्षित रखें।