जेपी सीमेंट उद्योग बागा के ट्रक ऑपरेटर माल भाड़ा न मिलने पर अब न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। ऑपरेटरों ने अपना हक पाने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दर्ज करवाने का निर्णय लिया है।
शनिवार को बिलासपुर और सोलन जिला के ट्रक ऑपरेटरों ने समन्वय समिति की बैठक में यह निर्णय लिया है। खारसी परिवहन सभा के महासचिव दौलत सिंह ठाकुर ने बताया कि ट्रक ऑपरेटरों का जेपी कंपनी से मालभाड़ा ढुलाई के 30 करोड़ बाकाया है।
इससे करीब 25 हजार परिवारों पर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इस बारे में मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और कंपनी के आलाधिकारियों सहित जिला प्रशासन से कई बार गुहार लगाई जा चुकी है। मगर मात्र आश्वासनों के कुछ नहीं मिला है। यही नहीं अपने हक के लिए ऑपरेटरों ने हड़ताल और धरना-प्रदर्शन भी किए।
इसके साथ ही प्रशासन और सरकार कंपनी से ट्रक का भाड़ा दिलवाने के लिए कोई उचित कार्रवाई नहीं कर पाए हैं। ऐसे में उन्हें मजबूरी में हाईकोर्ट में न्याय की गुहार लगानी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि कंपनी पूरी मनमानी पर उतर आई है। कंपनी ऑपरेटर को एक पैसा भी देने को तैयार नहीं। इससे ऑपरेटारों पर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इस वजह से ट्रकों को फाइनांस कंपनियां उठाकर ले जा रही है।
यही नहीं पेट्रोल पंप, और मेकेनिकों का कार्य भी बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। लाखों की देनदारी होने से यह भी बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं। इस वजह से पिछले दो महीने से हजारों ट्रक खड़े हैं। इस वजह से इसमें काम करने वाले चालकों और क्लीनरों पर भी आर्थिक संकट मंडरा रहा है।