बिलासपुर के नौणी में सड़क किनारे लुढ़का तेल का टैंकर। संवाद
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नौणी चौक पर वीरवार दोपहर को सड़क किनारे खड़े एक डीजल/पेट्रोल के खाली टैंकर को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर से टैंकर सड़क के नीचे की ओर बने एक घर और गोशाला पर जा गिरा, जिससे गोशाला की एक दीवार और मकान की छत क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक को छोड़कर मौके से भाग गया। हादसे में किसी को चोट नहीं आई है।
जानकारी के अनुसार तेल के टैंकर का चालक टैंकर को नौणी चौक के पास सड़क किनारे खड़ा कर खाना खाने के लिए गया था। इसी दौरान एक ट्रक ने पीछे से टैंकर को टक्कर मार दी, जिससे टैंकर राजकुमार, निवासी गांव पड़गल डाकघर कोठीपुरा, जिला बिलासपुर की गोशाला और घर के ऊपर गिर गया। गोशाला की एक दीवार और मकान के छत क्षतिग्रस्त हो गए। थाना सदर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि डीएसपी मुख्यालय राजकुमार ने की है।