संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शहीद स्मारक बिलासपुर में कारगिल विजय दिवस की 24वीं वर्षगांठ पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया।
अतिरिक्त उपायुक्त बिलासपुर डॉक्टर निधि पटेल ने पूर्व सैनिकों और वीर नारियों की उपस्थिति में देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद सैनिकों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। श्रद्धांजलि समारोह में सैनिक कल्याण समिति के सौजन्य से जिले के तीन वीर नारियों को अतिरिक्त उपायुक्त ने सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि भारत की सेना ने अपने शौर्य और पराक्रम से हमेशा देश का गौरव बढ़ाया है, जिस पर हम सभी को गर्व है। इन वीर जवानों के त्याग एवं बलिदान के कारण ही राष्ट्र की सीमाएं सुरक्षित हैं। श्रद्धांजलि समारोह में सेवानिवृत्त कैप्टन हंसराज, सूबेदार मेजर प्रेम सिंह मन्हास, स्वतंत्रता सेनानी राज्य अध्यक्ष प्रेमी देवी शास्त्री सहित सैनिक कल्याण समिति की ओर से रमेश और विनोद नड्डा उपस्थित रहे।