मणिपुर में उग्रवादियों से हुई मुठभेड़ में हुए थे बलिदान
शहीद स्मारक पर एसडीएम, पूर्व सैनिकों, परिजनों ने पुष्प किए अर्पित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शहर के चंगर सेक्टर स्थित शहीद स्मारक पर शाहतलाई क्षेत्र के नघियार गांव के सूबेदार बलदेव कुमार को उनके बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि दी गई। सुबेदार बलदेव कुमार 22 मई 2016 को मणिपुर में उग्रवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में बलिदान हो गए थेे। गोलियां लगने के बावजूद बलदेव कुमार एक घंटे तक उग्रवादियों से लोहा लेते रहे थे।
शहीद स्मारक पर एसडीएम सदर डॉ. राजदीप सिंह ने विशेष रूप से पहुंच कर बलिदानी बलदेव सिंह को श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन पूर्व सैनिक कल्याण एवं विकास समिति की ओर से कराया गया। अध्यक्षता समिति के प्रदेशाध्यक्ष कैप्टन बालक राम शर्मा ने की। शहीद बलदेव कुमार की धर्मपत्नी अरुणा शर्मा, बेटे विवेक सहित अन्य पूर्व सैनिकों ने उन्हें पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कैप्टन बालक राम शर्मा ने कहा कि 22 मई 2016 को मणिपुर में असम राइफल के जवानों का विशेष दल क्षेत्र में गश्त कर रहा था। इसी बीच उग्रवादियों ने घात लगाकर जवानों की गाड़ी पर हमला कर दिया। इस मुठभेड़ में सुबेदार बलदेव कुमार ने अदम्य साहस का परिचय देकर एक घंटे तक उग्रवादियों का डटकर सामना किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से पाकिस्तान को करारा जवाब दिया गया है। पूर्व सैनिक फिर से ऑपरेशन सिंदूर में अपनी सहभागिता निभाने के लिए हर समय तैयार हैं। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों ने एसडीएम सदर के समक्ष चंगर सेक्टर स्थित शहीद स्मारक के रखरखाव सहित अन्य समस्याओं पर चर्चा की। एसडीएम सदर ने शहीद स्मारक का दौरा कर इससे जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान करवाने का आश्वासन दिया। इससे पूर्व पूर्व सैनिक कल्याण एवं विकास समिति ने शहीद बलदेव कुमार की धर्मपत्नी को शॉल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।