शाहतलाई(बिलासपुर)। वनों की सुरक्षा तथा उनकी उन्नति के लिए ग्राम पंचायत नध्यार की महिलाओं ने बीड़ा उठाते हुए गांव में आयोजित होने वाले विवाह व अन्य धार्मिक कार्यों में आयोजित धामों के लिए जंगल व अपनी मलकीयत भूमि से पेड़ न काटने का निर्णय लिया है। इसके लिए महिलाओं ने रानी लक्ष्मीवाई महिला मंडल का गठन करके अपने दस-दस रुपये जमा करके व सरकार के सहयोग से धामों के आयोजन में प्रयोग किए जाने वाले बर्तन खरीद लिए हैं।
अब एक गैस कनेक्शन महिला मंडल के नाम पर लेने की तैयारी की जा रही है। महिला मंडल की सचिव अनुपमा शर्मा ने बताया कि दिन प्रतिदिन जंगलात भूमि में कमी आ रही है। जंगलों को बढ़ावा देने के लिए संरक्षण की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि भारत में 7 करोड़ 53 लाख हेक्टेयर भूमि पर ही जंगल है जो कुल 23 फीसदी बनता है।
इसके चलते महिला मंडल नध्यार ने गांव में धामों के आयोजन के लिए लकड़ी के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने की सोच बनाई है तथा जिसके लिए महिला मंडल ने धाम में प्रयोग करने के बर्तन खरीदे हैं। इनमें रसोई गैस पर आसानी से धाम बनाई जा सके। उन्होंने बताया कि महिलाओं के सामूहिक सहयोग व राज्य वित्तमंत्री अनुराग ठाकुर व विधायक जीतराम कटवाल के सहयोग से महिला मंडल ने धाम में प्रयोग होने वाले बर्तन खरीदे हैं और अब एक बड़े रसोई गैस का कनेक्शन लेने की तैयारी कर रही है ताकि उनसे धाम को तैयार किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि महिलाओं का उद्देश्य वन सुरक्षा से जुड़ा है जिसके लिए गांव नध्यार की महिलाओं ने रानी लक्ष्मीवाई महिला मंडल के बैनर तले इस बीडे़ को उठाया है जिसमें सभी गांववासियों के साथ प्रतिनिधियों का भी आशीर्वाद उनके साथ है। अनुपमा ने बताया कि जैसे ही धन का प्रावधान होता है वह एक रसोई गैस कनेक्शन ले लेंगी तथा अब कोई भी जंगल से धाम के लिए कोई पेड़ नहीं काटेगा अपनी इस मुहिम को जारी रखने के लिए महिला मंडल पौधरोपण का एक आयोजन भी करेगा।