उतराई में अनियंत्रित हुआ वाहन, दो लोग बाल-बाल बचे
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब घुमारवीं पुल के पास झूलों से भरा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई की ओर लटक गया। जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर मेला ग्राउंड की ओर झूले लेकर जा रहा था। बताया जा रहा है कि पुल के समीप उतराई होने के कारण चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके चलते ट्रैक्टर सड़क किनारे से फिसलकर नीचे खाई की ओर लटक गया। उस समय ट्रैक्टर पर दो व्यक्ति सवार थे, जिन्होंने सूझबूझ का परिचय देते हुए किसी तरह खुद को बचाया। आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए पहुंचे और सामूहिक प्रयास से ट्रैक्टर को खाई में गिरने से बचा लिया। स्थानीय लोगों की तत्परता से एक बड़ा नुकसान होने से टल गया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर में मेले में लगाए जाने वाले झूले लदे हुए थे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि घुमारवीं पुल के इस संवेदनशील स्थल पर सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ किया जाए।