संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश (बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता की डमली पंचायत के छत गांव में भूस्खलन से प्राथमिक पाठशाला छत का शौचालय गिर गया। इससे स्कूल के प्रांगण में भी दरार आ गई।
हादसे से रसोई घर, स्कूल भवन और एक घर को भी खतरा बना हुआ है। गनीमत रही कि हादसे के वक्त स्कूल में मौजूद 36 बच्चे सुरक्षित बच गए। भूस्खलन से एक ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गया। इस कारण दर्जनों गांव की विद्युत आपूर्ति बंद हो गई।
बुधवार सुबह घटना के समय स्कूल में 29 बच्चे और स्कूल भवन की दूसरी मंजिल पर चल रहे आंगनबाड़ी में 7 नौनिहाल मौजूद थे। भूस्खलन होते ही अध्यापकों ने सूझबूझ दिखाते हुए बच्चों को तुरंत स्कूल भवन से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
भूस्खलन से शौचालय गिर गया। शौचालय के साथ बना मिड डे मील के लिए बनाया रसोई घर कभी गिर सकता है। इससे स्कूल भवन को भी खतरा बना हुआ है। इसके अलावा राज धीमान के मकान को भी खतरा पैदा हो गया है।
विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता निशांत कुमार ने बताया कि छत में भूस्खलन से ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुआ है। इस कारण धराड़सानी, बरेटा, छत, ऋषिकेश, कोठी, कलर बुराड, तनयुर, गुलानी, बैरी दड़ोला, सम्लेटा आदि गांवों में वीरवार शाम तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
विधायक जीतराम कटवाल ने बताया कि स्कूल के बच्चों की कक्षाएं सुचारू रूप से चलाने के लिए शिक्षा के अधिकारियों को वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। भवन को सुरक्षिन बचाने के लिए उचित कार्रवाई जल्द से जल्द अमल में लाई जाएगी।