- कोट कहलूर के बेहरड़ा में हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। कोट कहलूर थाना क्षेत्र के बेहरड़ा चौक के पास एक टिपर खाई में गिर गया। हादसे में चालक घायल हो गया। घायल का उपचार पंजाब के आनंदपुर साहिब अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार हादसा वीरवार दोपहर को हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टिपर बेहरड़ा चौक से आगे टोबा सड़क पर उतराई में आ रहा था। इसी बीच चालक ने नियंत्रण खो दिया और टिपर करीब 40 फुट खाई में गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल चालक को टिपर से निकाला और निजी वाहन से आनंदपुर साहिब अस्पताल पहुंचाया। घायल चालक की पहचान कुलबीर सिंह निवासी होशियारपुर पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। मामले की पुष्टि डीएसपी श्री नयनादेवी जी विक्रांत बोंसरा ने की है।