पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, अतिरिक्त जवानों के साथ होगी निगरानी
श्री नयना देवी जी और तलाई के सभी बूथ सामान्य श्रेणी में
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। नगर निकाय चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि चिह्नित मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को पूरी तरह रोका जा सके।
उन्होंने बताया कि अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर एक एनजीओ (अराजपत्रित अधिकारी) और एक होमगार्ड जवान की तैनाती की जाएगी। वहीं संवेदनशील मतदान केंद्रों पर एक हेड कांस्टेबल के साथ एक होमगार्ड जवान ड्यूटी संभालेगा। सामान्य मतदान केंद्रों पर एक कांस्टेबल और एक होमगार्ड जवान तैनात रहेगा। इसके अलावा संबंधित क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग और कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी थाना प्रभारियों को सौंपी गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निकाय चुनावों के लिए लागू की गई सुरक्षा व्यवस्था पंचायत चुनावों के दौरान भी समान रूप से प्रभावी रहेगी। प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं, ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
इनसेट
नगर परिषद बिलासपुर के चार बूथ संवेदनशील और अति संवेदनशील घोषित
नगर परिषद बिलासपुर के अंतर्गत कुल चार मतदान केंद्रों को संवेदनशील और अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। वार्ड नंबर 8 श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर क्षेत्र स्थित राजकीय माध्यमिक पाठशाला डियारा सेक्टर और राजकीय प्राथमिक पाठशाला को संवेदनशील घोषित किया गया है। इसके अलावा वार्ड नंबर 5 मेन मार्केट स्थित किसान भवन मतदान केंद्र भी संवेदनशील श्रेणी में शामिल किया गया है। वहीं वार्ड नंबर 3 रौड़ा स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला और वार्ड नंबर 11 लखनपुर स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है।
इनसेट
घुमारवीं के चार मतदान केंद्र भी संवेदनशील श्रेणी में
नगर परिषद घुमारवीं में भी चार मतदान केंद्रों को संवेदनशील श्रेणी में शामिल किया गया है। इनमें वार्ड नंबर 3 अंबेडकर वार्ड स्थित शहीद विजय पाल मेमोरियल पीएम श्री मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घुमारवीं (लीड) के अटल भवन का कक्ष संख्या-2 शामिल है। इसके अलावा वार्ड नंबर 5 हारकुकार स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला का कक्ष संख्या-2, वार्ड नंबर 7 बजोहा स्थित ग्राम पंचायत घुमारवीं का बैठक हॉल (शिव मंदिर के समीप) और वार्ड नंबर 9 दकड़ी स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला अबढानीघाट का कक्ष संख्या-3 भी संवेदनशील घोषित किया गया है।
इनसेट
नयना देवी जी और तलाई के सभी मतदान केंद्र सामान्य
जिला प्रशासन के अनुसार नगर परिषद श्री नयना देवी जी और नगर पंचायत तलाई के सभी मतदान केंद्रों को सामान्य श्रेणी में रखा गया है। यहां चुनाव प्रक्रिया सामान्य सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न करवाई जाएगी।