रामपुर। नैनीताल हाईवे पर तेज रफ्तार जा रहे एक ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। पुलिस ने तीनों के शवों को पोस्टमार्टम को भेजकर ट्रक को कब्जे में कर लिया है।
घटना शुक्रवार की देर रात नैनीताल हाईवे पर घटी है। शहजादनगर थाना क्षेत्र के ग्राम नौगांवा निवासी संजीत 35 वर्ष पुत्र शंकर लाल, रवि 36 वर्ष पुत्र बालकिशन निवासी मड़ैया दौलतपुर जिला पीलीभीत, रीतेश 28 वर्ष पुत्र बादशाह निवासी साहूकारा, फतेहगंज पूर्वी जिला बरेली तीनों रुद्रपुर के एक फैक्टरी में काम करते थे। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार की रात करीब 12 बजे बाइक से रुद्रपुर से रामपुर की तरफ जा रहे थे। नैनीताल हाईवे पर ईसानगर पुलिस चौकी क्षेत्र में रामपुर की तरफ से आ रहे एक ट्रक ने साहनी फार्म के पास बाइक सवार तीनों लोगों को कुचल दिया। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। सूचना पर चौकी प्रभारी अमरीश कुमार रात में ही मौके पर पहुंच गए। पुलिस का कहना है कि उनके पहुंचने तक संजीत व रवि की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। जबकि, रीतेश गंभीर रुप से घायल था। घटना के बाद मौके पर तमाम राहगीर एकत्र हो गए थे। पुलिस ने आनन फानन में उसे जिला जिला अस्पताल भेज दिया, जहां उसकी भी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के पास से मिले मोबाइलों से निकाले गए नंबरों के आधार पर तीनों की शिनाख्त कराई। पुलिस ने तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना रात में ही दे दी। पुलिस का कहना है कि तीनों मृतकों के परिजन जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। कोतवाली प्रभारी माधो सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी और घटना को अंजाम देने वाला ट्रक उनके कब्जे में है।