- एसवीएम कंदरौर में कल्याण कला मंच की मासिक चिंतन संगोष्ठी आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। कंदरौर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर उच्च विद्यालय में शनिवार को कल्याण कला मंच की मासिक चिंतन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंच के प्रधान सुरेंद्र मिन्हास ने की, जबकि सह अध्यक्ष का दायित्व रविंद्र ठाकुर ने निभाया। संगोष्ठी में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सैनिक और प्रगतिशील बागवान कैप्टन जिंदू राम, समाजसेवी रविंद्र सिंह, सेवानिवृत्त शिक्षा संयुक्त निदेशक सुशील पुंडीर शामिल हुए। मंच की महासचिव तृप्ता कौर मुसाफिर ने मंच संचालन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद कैप्टन जिंदू राम को काले बाबा वीरता सम्मान-2024, रविंद्र सिंह को काले बाबा समाज सेवा सम्मान-2024 और मंच के सदस्य कर्मवीर कंडेरा को काले बाबा गायक श्री सम्मान-2024 से सम्मानित किया गया। इन सभी को अंग वस्त्र, पुष्पाहार, प्रमाणपत्र और मंच द्वारा लिखित पुस्तकें भेंट की गईं। कार्यक्रम में कहलूर के कलाकार श्रृंखला के अंतर्गत सुशील पुंडीर ने जिले के प्रसिद्ध कलाकार स्वर्गीय प्रेम टेसू पर एक वृत्तचित्र प्रस्तुत किया। इसमें उनके जीवन और कला की झलक दी गई। इसके अतिरिक्त मंच द्वारा विद्यार्थियों के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन भी किया गया। इसमें लोकगीत, पारंपरिक नृत्य, स्थानीय सांस्कृतिक धरोहर पर आधारित गीत प्रस्तुत किए गए। मंच ने विद्यालय के पुस्तकालय के लिए कुछ पुस्तकें भेंट कीं।