बिलासपुर के रपैड कलर गांव में चोरी के तोड़ा दुकान का शटर। संवाद
ऋषिकेश (बिलासपुर)। ग्राम पंचायत औहर के गांव रपैड़ कलर में किराना दुकान के ताले तोड़कर शातिरों ने 65,000 रुपये की नकदी चोरी कर ली। इतना ही नहीं शातिर दुकान मेंं रखी खाने-पीने का सामान भी उड़ा ले गए। झंडूता थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। पुलिस के डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाकर जांच की गई है। मिली जानकारी अनुसार शिकायत में जगदीश कुमार निवासी गांव रपैड़ कलर ने बताया कि शुक्रवार रात को दुकान को बंद करके घर चला गया। शनिवार सुबह गांव के एक व्यक्ति ने फोन करके बताया कि दुकान का आधा शटर खुला हुआ है। जब दुकान पर पहुंचा तो ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा हुआ था। दुकान के गल्ले में 65,000 रुपये रखे थे, वे चोरी हो चुके थे। दुकान में रखी खाद्य सामग्री भी चोरी हुई है। जगदीश कुमार ने झंडूता थाना में चोरी होने की सूचना दी। पुलिस का दल मौके पर पहुंचा। उन्होंने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को कब्जे में लिया। एक फुटेज में दिखाई दे रहा कि चोरों ने पहले दुकान के आसपास रेकी की और उसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हालांकि अभी तक चोरों की पहचान नहीं हो पाई है। डीएसपी मुख्यालय राजकुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।