घुमारवीं में जनता दरबार के दौरान मंत्री राजेश धर्माणी ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर किया निपटारा
बरसात में सड़क, पेयजल और बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार आम लोगों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने के साथ उनके त्वरित निपटारे के लिए संबंधित विभागों को जवाबदेह बना रही है।
शनिवार को लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह घुमारवीं में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में मंत्री ने विभिन्न पंचायतों और क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान सड़क, पेयजल, बिजली, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, विकास कार्यों और अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें उनके समक्ष रखी गईं। मंत्री ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान करवाया, जबकि जिन मामलों का तत्काल निपटारा संभव नहीं था, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तय समय में निपटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। धर्माणी ने अधिकारियों से कहा कि जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए। प्रत्येक विभाग शिकायतों के निस्तारण के लिए समयसीमा तय करें और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। बरसात के मौसम का उल्लेख करते हुए मंत्री ने जल शक्ति विभाग को सभी क्षेत्रों में स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं लोक निर्माण विभाग को बारिश के कारण अवरुद्ध या क्षतिग्रस्त सड़कों को युद्धस्तर पर बहाल करने तथा ग्रामीण संपर्क मार्गों को सुचारू रखने को कहा। उन्होंने विद्युत बोर्ड के अधिकारियों को भी बारिश के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और फाल्ट आने पर तत्काल मरम्मत करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को विकास परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा कार्यों को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा प्रशासन को लोगों के द्वार तक पहुंचाने की है। जनसमस्या निवारण शिविर इसी उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों की शिकायतों का मौके पर समाधान हो सके और प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास मजबूत हो। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
घुमारवीं परिधि गृह में जन समस्याएं सुनते मंत्री राजेश धर्माणी। स्रोत डीपीआरओ