जिला में चोरों के मंसूबे बढ़ते जा रहे हैं। शनिवार को दिन के उजाले में ही चोरों ने चंगर सेक्टर में डीसी ऑफिस में कार्यरत कर्मचारी के आवास में चोरी अंजाम दिया।
चोर घर का ताला तोड़कर नगदी और आर्टिफिशियल ज्वैलरी पर हाथ साफ कर गए। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह उपायुक्त कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी रामानंद पुत्र निक्का राम निवासी गांव खुदगल तहसील श्री नयना देवी जी हर रोज सुबह अपनी ड्यूटी पर चला गए।
जब वह दोपहर करीब सवा दो सरकारी आवास में दोपहर के खाने के लिए आए, तो उन्होंने दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखा। वह किसी अनहोनी की आशंका को देखकर फौरन भीतर पहुंचे तो देखा की घर का सारा सामान बिखरा हुआ था। कमरे की जांच पड़ताल करने पर पता चला कि चोर करीब 15 हजार रुपये की नगदी और आर्टिफिशियल ज्वैलरी पर हाथ साफ कर गए हैं।
इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
इससे पूर्व भी शहर के रौड़ा सेक्टर में वीरवार देर रात चोर घर के ताले तोड़कर वहां से करीब 10 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर गए थे। जिला में बढ़ रही चोरियों की वारदातों से लोगों दहशत में हैं। लोगों को अपनी संपत्ति की चिंता सता रही है। एएसपी मनमोहन ने बताया कि पुलिस ने चोरी का मुकद्दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।