-गांधी चौक से तहसील परिसर सड़क पर लग रहा लंबा जाम
-लोगों ने सड़क पर पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगाने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। त्योहारी सीजन शुरू होते ही शहर में यातायात व्यवस्था चरमराने लगी है। प्रशासन के यातायात सुधारने के दावे हवा हो रहे हैं। गांधी चौक से तहसील परिसर को जाने वाली सड़क पर जाम में फंसी गाडिय़ों के काफिले के आगे कुछ भी करना नाकाफी दिख रहा है।
घुमारवीं में लग रहे इस जाम में सरकारी विभागों की गाड़ियां भी फंसी नजर आ रही हैं, लेकिन कोई भी जाम खुलवाने की जहमत नहीं उठा रहा है। हैरानी इस बात की है कि इस सड़क पर जाम लगने वाली जगह से पुलिस थाना मात्र 100 मीटर की दूरी पर स्थित है, लेकिन दिन में सैकड़ों बार लगने वाले इस जाम से जहां पैदल चलने वाले लोग बड़ी मुश्किल से आवागमन कर पा रहे हैं। वहीं दुकानदारों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कल तक प्रशासन जिस व्यवस्था को बनाने की बात कर रहा था। वह व्यवस्था मात्र एक दो दिन बाद ही दम तोड़ती नजर आ रही है। बताते चलें कि गांधी चौक से तहसील परिसर को जाने वाली इस सड़क पर सड़क के बीचो-बीच लोग गाड़ियां खड़ी कर सामान लेने इधर उधर निकल जाते हैं। कुछ दुकानदार मनमर्जी से किसी भी समय लोडिंग अनलोडिंग का कार्य करने के लिए बड़ी-बड़ी गाड़ियां दुकानों के आगे खड़ी कर देते हैं। इससे पूरा दिन सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती है। इस सड़क पर सबसे ज्यादा परेशान दुकानदार हो रहे हैं, जिनकी दुकानदारी का इस व्यवस्था में दम घुट रहा है। दिन में घंटों लगने वाले जाम से उनकी दुकानदारी प्रभावित हो रही है। स्थानीय दुकानदारों में सतीश, राकेश, गोल्डी, कपिल, सुभाष, कृष्ण लाल, लालचंद, रवि कुमार, राजेश कुमार का कहना है कि वह काफी समय से मांग करते आ रहे हैं कि इस सड़क पर यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस कर्मचारी लगाए जाएं। उधर डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने आश्वासन देते हुए कहा कि कल से इस सड़क पर पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।