जुखाला में पर्यटन विभाग का कैफे वर्षों से बंद। संवाद
लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी नहीं मिला जनता को लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला(बिलासपुर)। जिला बिलासपुर के जुखाला क्षेत्र में पर्यटन विभाग की ओर से लाखों रुपये खर्च कर तैयार किया गया कैफे वर्षों बाद भी शुरू नहीं हो पाया है। पर्यटन को बढ़ावा देने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से बनाई गई यह परियोजना अब केवल शोपीस बनकर रह गई है।
भवन तैयार होने के बावजूद यहां न तो कैफे संचालित किया गया और न ही इमारत का किसी अन्य जनहित कार्य के लिए उपयोग हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभागीय लापरवाही और उदासीनता के कारण सरकारी धन का सही इस्तेमाल नहीं हो पा रहा। लंबे समय से बंद पड़े रहने के कारण भवन की स्थिति भी धीरे-धीरे खराब होती जा रही है। लोगों के अनुसार यदि समय रहते इसे शुरू किया जाता तो क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलता और युवाओं को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध हो सकते थे। स्थानीय निवासी नवदीप शर्मा ने बताया कि यह भवन यात्रियों और पर्यटकों की सुविधा के लिए बनाया गया था, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी यहां कोई गतिविधि शुरू नहीं हो सकी। उन्होंने प्रशासन और पर्यटन विभाग से मांग की है कि कैफे को शीघ्र शुरू किया जाए या फिर भवन का उपयोग किसी अन्य जनहित कार्य के लिए किया जाए, ताकि सरकारी संसाधनों का सही उपयोग सुनिश्चित हो सके। क्षेत्रवासियों ने कहा कि सरकार की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उनका लाभ आम लोगों तक पहुंचना जरूरी है। लोगों ने संबंधित विभाग से मामले में जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है।