बिलासपुर। शहर के मीट मार्केट में चाकू की नोक पर मजदूर से लूट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पहले एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस रिमांड में उसने दो और आरोपियों के नाम उगले। इसके बाद शुक्रवार को उन दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मामले की शिकायत मिलने के बाद 24 घंटे में सुलझाने का दावा किया है।
मामले की शिकायत बुधवार को राकेश कुमार, निवासी गांव पोली प्लाट डाकघर थूराण, तहसील झंडूता, जिला बिलासपुर ने सिटी चौकी बिलासपुर में दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया कि वह जिला मंडी में मजदूरी का काम करता है। 12 नवंबर को घर वोट डालने जा रहा था। बिलासपुर बस अड्डा पर समय से न पहुंचने के कारण उसे देरी हो गई और बस निकल गई थी। नाला नौण से ऋषिकेश जाने वाली नाव भी जा चुकी थी। इसलिए वह बस अड्डा पर ही सो गया। रात को लगभग 10:30 बजे दो लड़के उसके पास आए। उन्होंने कहा कि उनकी गाड़ी मेन मार्केट के पास खराब हो गई है। धक्का लगाकर थोड़ी सहायता कर दे। वह दोनों लड़कों के साथ सब्जी मंडी से होते हुए नीचे मीट मार्केट के पास पहुंचा तो उनमें से एक लड़के ने उसे रोका और दूसरे ने पीठ पर कोई नुकीली चीज रखकर धमकाया और कहा कि जितने पैसे हैं दे दो नहीं तो जान से मार देगें। उसने उसकी पैंट की पिछली जेब से पर्स निकाला और 1,530 रूपये निकालकर 1,500 रुपये लिए, 30 रुपये और पर्स वहीं फेंक दिया। उन्होंने उसे पीछे से धक्का दिया और वहां से भाग गए। उसने बताया कि वह डर गया और चुपचाप बस अड्डा पर सो गया। तीन चार दिन घर पर रहने के बाद मंडी चला गया और डर के मारे शिकायत नहीं की थी। मंडी में एक दोस्त के कहने पर शिकायत दर्ज करवाई थी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूत्रों की सहायता से घटना में संलिप्त एक आरोपी शिवा टांक (22), निवासी लोअर निहाल नजदीक चिलिंग प्लांट, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया। आरोपी को अदालत में पेश करके पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। पूछताछ में शिवा ने दो और आरोपी अफरीदी, निवासी 25 गांधी मार्केट और शुभम ऊर्फ कन्नू, निवासी लोअर निहाल जिला बिलासपुर के बारे में बताया। पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि इनकी ओर से पूर्व में की गई वारदातों की भी जांच की जा सके। मामले की पुष्टि डीएसपी मुख्यालय राजकुमार ने की है।